छतरपुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराया हार्वेस्टर, चालक जिंदा जला

छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के नेगुंवा गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां गेहूं की फसल की कटाई के दौरान एक हार्वेस्टर मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे अचानक भीषण आग लग गई।बताया जा रहा है कि खेत में कटाई के दौरान हार्वेस्टर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। टकराते ही मशीन में करंट फैल गया और चिंगारी निकलने से आग भड़क उठी।

कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।हादसा इतना भयावह था कि हार्वेस्टर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल है।

आग की चपेट में आकर करीब 32 लाख रुपए कीमत का हार्वेस्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इसके साथ ही लगभग 1 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल भी जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया।यह हादसा खेतों में काम के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और हाईटेंशन लाइनों के नीचे मशीनों के उपयोग को लेकर एक गंभीर चेतावनी के रूप में सामने आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here