जमीनी विवाद से परेशान बुजुर्ग ने जनसुनवाई में डाला पेट्रोल, मचा हड़कंप

छतरपुर जिले की जनसुनवाई उस समय अफरा-तफरी में बदल गई जब एक बुजुर्ग ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। बुजुर्ग जमीनी विवाद को लेकर आवेदन देने जनसुनवाई में पहुंचा था, लेकिन वर्षों से न्याय न मिलने से आहत होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग रामस्वरूप, निवासी बछरोन, लवकुशनगर क्षेत्र, पिछले करीब 3 वर्षों से जमीनी मामले को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। जनसुनवाई के दौरान उसने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बुजुर्ग के हाथ से पेट्रोल की बोतल और माचिस की तीली छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और बुजुर्ग को समझाइश दी।बताया जा रहा है कि डेढ़ साल पहले भी बुजुर्ग इसी तरह की हरकत कर चुका है, जिससे यह साफ है कि वह लंबे समय से मानसिक और सामाजिक दबाव में है।

बाइट – रामस्वरूप (पीड़ित):“मैं तीन साल से अपनी जमीन के लिए भटक रहा हूं, कोई सुनवाई नहीं हो रही। मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा।

”बाइट – विशा माघवानी (एसडीएम):“मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”

फिलहाल प्रशासन ने बुजुर्ग के मामले को प्राथमिकता से देखने का आश्वासन दिया है, वहीं घटना ने एक बार फिर जनसुनवाई व्यवस्था और जमीनी विवादों के निस्तारण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here