शौच के लिए गए दो मासूमों की नदी में डूबने से मौत गांव में हुआ मातम

मुरैना स्कूल से शौच करने की कहकर गए पांच व सात साल के दो चचेरे भाई सोन नदी में डूब गए। स्कूल के शिक्षक दोपहर में छुट्टी करके चले। जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तब स्वजन खोज करने पहुंचे, दोनों बच्चों के बस्ते स्कूल में मिले और डेढ़ घंटे से ज्यादा चली तलाश के बाद बच्चों के शव सोन नदी में मिले। दिल दहला देने वाली यह घटना मंगलवार को जौरा तहसील के लेंडी का पुरा गांव में घटी। लेंडीपुरा गांव के प्राइमरी स्कूल में अनिल पुत्र मुंशी कुशवाह और पांच वर्षीय अजीत पुत्र सुरेंद्र कुशवाह मंगलवार की सुबह पढ़ने आए। सुरेंद्र कुशवाह और मुंशी कुशवाह सगे भाई हैं। दोपहर 12 बजे स्कूल में मध्यान्ह भोजन की घंटी बजी तब अनिल और अजीत शौच करने की कहकर स्कूल से चले गए। दोनों बच्चे अपने बस्तों को स्कूल में ही रखकर महज 100 मीटर दूर सोन नदी किनारे शौच काे गए, जहां संभवत: शौच के बाद हाथ-मुंह धोने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में गिर गए।

बताया गया है, कि स्कूल के शिक्षक दोपहर 2 बजे छुट्टी करके चले गए। छात्र अनिल और अजीत के बस्ते स्कूल में ही रखे रह गए। बच्चाें के चाचा मोहर सिंह कुशवाह ने बताया, कि गांव के सारे बच्चे स्कूल से घर आ गए, लेकिन अनिल व अजीत नहीं आए। इसके बाद उन्हें स्कूल देखने गए तो वहां दोनों बच्चाें के बस्ते रखे मिले। इसके बाद हड़कंप मच गया और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। तलाश करते-करते ग्रामीण व स्वजन सोन नदी के घाट पर पहुंचे, जहां खोज के बाद शाम साढ़े 4 बजे के करीब दोनों बच्चों के शव मिले। ग्रामीणाें के अनुसार स्कूल में शौचालय नहीं, इसलिए बच्चे नदी किनारे जाते हैं। जौरा थाने में इस घटना के बाद मर्ग का प्रकरण दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here