UK researchers test dogs’ ability to sniff out COVID-19 | कोरोना से जंग में DOGS की मदद लेगी ब्रिटेन सरकार, शुरू हुआ ट्रायल

लंदन: क्या स्निफर डॉग यह पता लगा सकते हैं कि कोई व्यक्ति कोरोना (Coronavirus) संक्रमित है या नहीं? इस सवाल का जवाब खोजने के लिए ब्रिटेन में एक शोध शुरू हो गया है. खास बात यह है कि सरकार भी इस शोध के पक्ष में है और उसकी तरफ से अनुसंधान के लिए 500,000 पाउंड ($606,000) के फंड की व्यवस्था की गई है. लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन (London School of Hygiene and Tropical Medicine) , डरहम यूनिवर्सिटी (Durham University) ब्रिटिश चैरिटी, मेडिकल डिटेक्शन डॉग्स (Medical Detection Dogs) द्वारा इस शोध को अंजाम दिया जाएगा.

इस संबंध में जानकारी देते हुए इनोवेशन मिनिस्टर जेम्स बेथेल (James Bethell) के कहा, ‘बायो-डिटेक्शन डॉग्स पहले से ही विशिष्ट कैंसर का पता लगाते आए हैं और यदि वह कोरोना संक्रमित व्यक्ति की पहचान करने में सफल होते हैं, तो महामारी से निपटने में हमें काफी मदद मिलेगी’. शोध के दौरान लैब्राडोर (Labradors) और कॉकर स्पैनियल्स (cocker spaniels) नस्ल के छह कुत्तों को लंदन के अस्पतालों में भर्ती COVID-19 रोगियों की गंध के नमूने दिए जाएंगे, और उन्हें सामान्य लोगों के शरीर की गंध और मरीजों की गंध में अंतर करना सिखाया जाएगा. 

एक घंटे में 250 जांच संभव
मेडिकल डिटेक्शन डॉग्स (Medical Detection Dogs) के अनुसार, इससे पहले कुत्तों को कुछ कैंसर, पार्किंसंस और मलेरिया आदि का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है. यदि यह प्रयोग सफल होता है, तो एक कुत्ता एक घंटे में 250 लोगों की जांच कर सकता है और सार्वजनिक स्थलों एवं हवाई अड्डों पर इन्हें इस्तेमाल में लाया जा सकता है.

ये देश भी तलाश रहे संभावना
ब्रिटेन की तरह ही संयुक्त राज्य अमेरिका और फ्रांस के शोधकर्ता भी कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए कुत्तों को प्रशिक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं. गौरतलब है कि अमेरिका, नीदरलैंड और हांगकांग में कुछ ऐसे मामले सामने आये थे, जिनमें कोरोना संक्रमित मरीज की वजह से उनके कुत्ते भी संक्रमित हो गए.  




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here