भोपाल: शिवराज सरकार का विकास गांव कस्बों से लेकर मंजरे-टोलों तक पहुंचा या नहीं, इसकी तस्दीक के लिए अब खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मैदान में उतरने वाले हैं। प्रदेश में संत रविदास जी की जयंती पर 5 फरवरी से विकास यात्रा निकाली जाएगी जिसमें जो काम पूरे हो गए हैं उनका लोकार्पण किया जाएगा और जो शुरू करने हैं उनका शिलान्यास किया जाएगा। वहीं हितग्राही सम्मेलनों के जरिए हितलाभ बांटे जाएंगे।
सीएम शिवराज ने साझा किया यात्रा का खाका
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्रियों को यात्रा का खाका साझा करते हुए कहा कि विकास यात्रा के पहले, एक बार दो दिन के दौरे मंत्री जरूर करें। 25 फरवरी तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान हितग्राही सम्मेलन भी होंगे, जिसमें हितग्राहियों को लाभ, हितग्राहियों से चर्चा और संवाद किया जाएगा। यात्रा में जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक में भी मंत्रियों के दौरे होंगे।
कलेक्टर तैयार करेंगे पूरी यात्रा का रोडमैप
विकास यात्रा की जिम्मेदारी कलेक्टरों को भी दी गई है. कलेक्टरों को यह बताना होगा कि यात्रा कितने किलोमीटर, कितने गांव और कितने वार्ड तक पहुंची। विकास यात्रा के दौरान लोकार्पण और अन्य कार्यक्रमों की सूची पहले से ही तैयार रहेगी, विकास यात्रा के दौरान विभागीय मंत्री यात्राओं में निरीक्षण करेंगे। प्रभारी भी जिलों में उतरेंगे, यात्रा के दौरान जनता की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार की अलग-अलग योजनाओं का प्रचार प्रसार भी यात्रा के दौरान किया जाएगा।