Vote Counting in Bhopal : ऐसे होगी भोपाल की मतगणना, 7 सीटों पर अलग-अलग लगेंगी टेबल

Vote Counting in Bhopal

भोपाल। 3 दिसंबर की तारीख करीब है। मध्य प्रदेश में मतगणना की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश के ​मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन रोज पूरे प्रदेश में घूम—घूमकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। सभी जिलों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम सुरक्षित तरीके से रखी गई हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिये इन पर नजर रखी गई है। पूरे प्रदेश के साथ ही राजधानी भोपाल जिले में भी मतगणना होगी। यह मतगणना अरेरा हिल्स स्थि​त पुरानी जेल परिसर में होगी। आपको बता दें कि भोपाल जिले में 7 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इन सभी की मतगणना होगी। इसके लिए स्ट्रांग रूम के नजदीक जेल परिसर में सभी तैयारी कर ली गई हैं। आयोग के अनुसार यहां पर सातों विधानसभा की ईवीएम की काउंटिंग की जाएगी।
प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार लगेंगी टेबल
विधानसभा सीट में प्रत्याशी की संख्या के अनुसार ही टेबल लगाई जाएंगी। निर्वाचन कार्य से जुड़े जिला प्रशासन के ​अधिकारियों के अनुसार नरेला विधानसभा सीट के मतों की गणना के लिए 21 टेबल लगाई जाएंगी। गोविंदपुरा विधानसभा सीटों के मतों की काउंटिंग के लिए 20 टेबल, हुजूर 20 टेबल लगाई जाएंगी। वहीं, उत्तर विधानसभा सीट और बैरसिया सीट के मतों की गणना के लिए क्रमश: 16-16 टेबल लगाई जाएंगी। मध्य विधानसभा सीट के लिए 14 टेबल पर मतगणना होगी।
डाकमतपत्रों की अलग होगी गिनती
आपको बता दें कि राजधानी क्षेत्र होने के कारण यहां सरकारी कर्मचारी अधिकारी भी बहुतायत निवास करते हैं। इसके लिए बने अधिकांश शासकीय आवास दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में ही आते हैं। इस कारण यहां पर डाकमत पत्रों की गिनती भी होगी। ऐसे में इस सीट के लिए के लिए 5 टेबल ज्यादा लगाई जाएंगी। इसके बाद गोविंदपुरा में 4, हुजूर में 3 टेबल रहेंगी। उत्तर, बैरसियाऔर मध्य के लिए सिर्फ 2-2 टेबलों पर मतों की गिनती होगी।
क्या है वर्तमान स्थिति
आपको बता दें कि भोपाल जिले में गोविंदपुरा, बैरसिया, हुजूर, मध्य, उत्तर, दक्षिण पश्चिम और नरेला विधानसभा सीटें आती हैं। वर्तमान में उत्तर, दक्षिण पश्चिम और मध्य सीटों में कांग्रेस का कब्जा है, जबकि नरेला, हुजूर, बैरसिया और गोविंदपुरा में भाजपा विधायक काबिज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here