When face masks become political: An anti-Trump statement? | अमेरिका में मास्क बना सियासी हथियार: लगाया तो ट्रंप विरोधी, नहीं तो समर्थक

वॉशिंगटन: कोरोना (Corona Virus) महामारी के प्रकोप से बचने के लिए दुनियाभर में मास्क (Mask) लगाने की सलाह दी जा रही है, लेकिन अमेरिका (America) में ‘मास्क’ समर्थन और विरोध का राजनीतिक हथियार बन गया है. अमेरिका में यदि आप मास्क लगाते हैं, तो डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) विरोधी करार दे दिए जाते हैं और नहीं लगाते तो अपने साथ-साथ दूसरों की जान को जोखिम में डालते हैं.     

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुरुआत से ही मास्क और कोरोना की रोकथाम के लिए उठाये गए कड़े उपायों के खिलाफ रहे हैं. यही वजह है कि अमेरिका में मास्क अब ट्रंप विरोधी हो गया है. एंटी मास्क एक्टिविस्ट क्रिस नेल्सन (Chris Nelson) कहते हैं, ‘आप मुझे मास्क नहीं पहनने के लिए स्वार्थी कहना चाहते हैं? तो मैं भी आपसे कहना चाहता हूं कि आप सभी मुझे इस मेडिकल प्रोसीजर को अपनाने के लिए बाध्य कर रहे हैं, ताकि आप लोग सुरक्षित रह सकें, यह भी स्वार्थ है’. नेल्सन के इस विचार से केवल ट्रंप ही नहीं बल्कि हजारों अमेरिकी इत्तेफाक रखते हैं. 

राष्ट्रपति खुद भी यह मानते हैं कि मास्क पहनना उनका विरोध करना है. उन्होंने मास्क लगाने के लिए राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन (Joe Biden) का भी मजाक उड़ाया था. हालांकि, यह बात अलग है कि लगातार आलोचना और चुनाव को ध्यान में रखते हुए हाल ही में वह पहली बार मास्क में नजर आये. जब एक रिपोर्टर ने ट्रंप से ऑफ-कैमरा पूछा था कि क्या वे मास्क पहनेंगे? तो उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा था, ‘मेरे पास शायद एक मास्क होगा, आप जानते होंगे’. इसके तुरंत बाद बात संभालते हुए उन्होंने कहा ‘मेरा मतलब है मेरे पास शायद मास्क होगा और मुझे लगता है कि मास्क पहनना अच्छी बात है’.

चुनावी आहट ने बदला मिजाज
ट्रंप ही नहीं कई रूढ़िवादी रिपब्लिकन भी मास्क का समर्थन नहीं करते. उनकी नजर में यह बेकार है और इससे कुछ होने वाला नहीं है. हालांकि, पार्टी में कुछ सदस्य ऐसे भी हैं जो अब इसकी अहमियत को समझने लगे हैं. इसके अलावा, चुनाव को देखते हुए भी मास्क के प्रति नेताओं का नजरिया बदल रहा है. टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट (Greg Abbott) ने कहा कि मास्क पहनने से COVID-19 के फैलने का खतरा कम रहता है और यह सभी की सुरक्षा के जरूरी है. वहीं, टेनेसी के सीनेटर लैमर एलेक्जेंडर (Lamar Alexander) ने कहा, ‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह लाइफसेविंग प्रैक्टिस भी उस राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गई है, जो कहती है – यदि आप मास्क पहनते हैं तो आप ट्रंप विरोधी हैं’. 

एंथनी फौसी कर चुके हैं सिफारिश 
अमेरिका में बड़े पैमाने पर लोग मास्क लगाने का विरोध कर रहे हैं. हालांकि, कुछ जगहों पर इसे पहनना अनिवार्य किया गया है और बगैर मास्क किसी को एंट्री नहीं दी जाती है. इस वजह से आम अमेरिकी, जिसे इस सियासी विरोध से कुछ लेना नहीं है, वो समझ नहीं पा रहा है कि मास्क पहना जाए या नहीं? गौर करने वाली बात यह है कि अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फौसी ने मास्क पहनने की सिफारिश की है. विश्व स्वास्थ्य संगठन का यह भी कहना है कि वायरस से बचने और उसके प्रसार को रोकने के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप और उनके समर्थकों को ऐसा नहीं लगता. 

मास्क नहीं लगाने वालों को मुफ्त खाना
ट्रंप का समर्थन करने वाले अलग-अलग तरह से लोगों को मास्क से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. कुछ रेस्टोरेंट द्वारा मास्क नहीं लगाने वाले ग्राहकों को मुफ्त में खाना प्रदान किया जा रहा है. विशेषज्ञों ने इस पर चिंता व्यक्त की है. उनका कहना है कि अमेरिकियों को यह समझना चाहिए कि मास्क राजनीतिक प्रतीक या उदारवाद का प्रतीक नहीं है बल्कि यह आवश्यक और गैर-पक्षपाती है. जितनी जल्दी अमेरिकी इसे समझ लेंगे उनके लिए उतना ही अच्छा होगा.  

 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here