मानव तस्करी मामले में गिरफ्तार महिला.
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के राजनांदगांव (Rajanandgaon) जिले में मानव तस्करी (Human Trafficking) जैसे गंभीर मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.
शादीशुदा महिला को बेचा गया और उसकी शादी हरियाणा में कराई गई पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक महिला भी शामिल थी. यह मामला पूरी तरीके से ठंडा ही नहीं हुआ था. तुमड़ी बोर्ड पुलिस चौकी अंतर्गत मानव तस्करी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है.
बीजेपी ने लगाए आरोप
पूरे मामले को लेकर बीजेपी शहर अध्यक्ष अतुल रायजादा ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और मानव तस्करी आम बात हो गई है. सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए और ऐसे अपराधों में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए. ऐसे आरोपियों को सजा दिलाने चाहिए. मामले में राजनांदगांव एएसपी कविलाश टंडन का कहना है कि डोंगरगढ़ मामले में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं. पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है. वहीं तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी में कुछ दिन पूर्व ही पीड़िता ने अपराध दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने एक महिला आरोपी को दुर्ग जिले के खुर्सीपार से गिरफ्तार किया है. बाकी चार आरोपी फरार हैं. उसे भी पुलिस जल्द से जल्द पकड़ लेगी. पुलिस का कहना है कि पीड़ित महिला को बहला-फुसलाकर यहां से काम दिलाने के नाम से ले गए थे और वहां राजस्थान में महिला को बेच दिया गया.

