- उत्तराखंड में सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था
- शराब और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
उत्तराखंड कैबिनेट ने आज कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. इन फैसलों के जरिए कोविड-19 के बाद के लिए राज्य की रणनीति तैयार की गई है. साथ ही राज्य में अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी किए गए हैं. इसके अलावा उत्तराखंड के प्रवासियों की व्यवस्था, ग्राम प्रधानों के अतिरिक्त अधिकार और शराब-पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी जैसे महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए हैं.
सरकार ने आर्थिक हालात ठीक करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आबकारी राजस्व बढ़ाने का विचार किया है. इसके अंतर्गत अब भारत में निर्मित पक्की शराब में 20 रुपये से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी. जबकि बाहर से आने वाली शराब के दामों में 475 रुपय प्रति बोतल तक का इजाफा होगा. नया रेट शुक्रवार से लागू होगा. सरकार ने आबकारी हेल्थ केयर टैक्स लगाया है. जिससे आबकारी विभाग को 250 करोड़ राजस्व का अनुमान है.
कोरोना की वजह से राज्य की सुस्त अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तेल की कीमतों में भी इजाफा किया गया है. नए फैसले के तहत अब पेट्रोल दो रुपये और डीजल एक रुपये महंगा होगा. सरकार को इस फैसले से 120 करोड़ के राजस्व आने की उम्मीद है.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
प्रवासियों की व्यवस्था के साथ-साथ प्रधानों को अतरिक्त अधिकार भी दिए गए हैं. प्रदेश में कोविड का फ्यूचर प्लान तैयार किया गया है. प्रदेश सरकार ने सभी रजिस्टर्ड 1 लाख 70 हजार प्रवासियों को वापस लाने का फैसला किया है, अगले चार-पांच दिनो में इसकी व्यवस्था की जाएगी. साथ ही सरकार ने बताया कि अपने वाहनों से 7,600 लोग प्रदेश आएंगे, जबकि दूर के लोग ट्रेन से लाए जाएंगे. शुक्रवार को 2,281 लोगों को वापस घर लाया जाएगा. सरकार के शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा से पर्याप्त मात्रा में लोग वापस आ रहे हैं.
उत्तराखंड सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवासी लोगों की व्यवस्था के लिए ग्राम प्रधानों को होम क्वांरटीन जैसे अधिकर दिए गए हैं.
इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया था. इसके साथ ही शराब के दाम भी बढ़ाए. दोनों प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने बुधवार को पास कर दिया और नई कीमतें तुरंत लागू भी कर दी गई हैं. कोरोना के कारण राजस्व में आई गिरावट के बाद यह फैसला लिया गया है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
कोरोना के कारण पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये और डीजल की कीमतों में एक रुपये की बढ़ोतरी की गई है. अब प्रदेश में पेट्रोल की कीमत 73.91 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 71.91 रुपये थी. वहीं डीजल की कीमत 63.86 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 62.86 रुपये थी.
वहीं, देसी शराब में 5 रुपये, अंग्रेजी शराब में 180 एमएल पर 10 रुपये, 180 एमएल से 500 एमएल तक 20 रुपये और 500 एमएल से ऊपर 30 रुपये की वृद्धि की गई है. सोमवार से ही यूपी में शराब की दुकानें खोली गई थी और पहले दिन करीब 100 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
इससे पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स बढ़ाया था. पेट्रोल पर प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की और डीजल पर 13 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. इसके साथ ही अब पंप मिलने वाले पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़कर 69 फीसदी हो गया है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है.

