आगर-मालवा जिले में चड्डी-बनियान गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अटल कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये का सोना-चांदी बरामद किया गया है। खास बात ये है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, कई टोल नाकों की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच में विनायक सिटी और अरिहंत वैली में हुई पुरानी चोरियों का भी खुलासा हुआ है।
एसपी दिलीप कुमार सोनी ने खुलासा करते हुए बताया कि 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात आगर की अटल कॉलोनी में सुनसान मकान का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 250 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ टोल नाकों की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस धार जिले के छढ़ावत निवासी कैल सिंह तक पहुंची और 12 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कैल सिंह ने विनायक सिटी और अरिहंत वैली की पुरानी चोरियों की जानकारी दी। पुलिस रिमांड में आरोपी ने बताया कि चोरी का माल उसकी बहन रायकु के घर रखा है। इसके बाद अलीराजपुर के ग्राम पोहा में दबिश देकर रायकु को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीन मामलों से जुड़ा साढ़े 4 तोला सोना और 650 ग्राम चांदी बरामद की है। गिरोह के पांच अन्य सदस्य फरार हैं। जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।


