इंदौर में दीपावली के त्योहार को देखते हुए इंदौर पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में राऊ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक आवासीय मकान में दबिश देकर करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। आरोपी ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में अपने मकान के एक कमरे में पटाखों का बड़ा भंडार छिपाकर रखा था। पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण करने वाले आरोपी नौसाद मंसूरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि राऊ क्षेत्र के कुमार मोहल्ला स्थित मकान नंबर 32/2 में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। , तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में बड़ी संख्या में पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए और आरोपी नौसाद मंसूरी को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी के पास पटाखों के भंडारण को लेकर कोई वैध लाइसेंस नहीं था। घनी आबादी के बीच आवासीय मकान में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे रखना आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से खरीदे थे और किन लोगों को इनकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। वहीं दीपावली के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के साथ ही कार्बेट गन और फायर बलून चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बाइट – नरेंद्र रावत , डीसीपी , इंदौर


