अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन एक बार फिर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। यह संभावित कदम ऐसे समय पर सामने आया है, जब मध्यस्थों के जरिए अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने को लेकर बातचीत जारी है। हालांकि अमेरिकी समयानुसार शुक्रवार शाम तक किसी भी हमले को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया था।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने वीकेंड पर न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ प्रॉपर्टी पर रुकने का कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया। अमेरिकी मीडिया संस्था CBS News की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप अब वापस व्हाइट हाउस लौट रहे हैं, जिससे संभावित सैन्य गतिविधियों की अटकलें और तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों के कई अधिकारियों ने मेमोरियल डे वीकेंड के अपने निजी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। रक्षा और खुफिया विभाग ने विदेशों में तैनात अमेरिकी ठिकानों के लिए रिकॉल रोस्टर अपडेट करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मध्य पूर्व क्षेत्र में तैनात सैनिकों की आवाजाही भी तेज हो गई है।
जानकारों का मानना है कि यह कदम ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई से पहले क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी कम करने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर टिकी हुई है।


