एमपी के मंत्री की सोनिया गांधी को सलाह- दिग्विजय को बनाया जाए गुंडा कांग्रेस का अध्यक्ष


भोपाल।मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख कर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के लिए गुंडा कांग्रेस का गठन करने का सुझाव दिया है। सारंग के अनुसार दिग्विजय सिंह की मानसिकता गुंडों वाली है इसलिए उन्हें गुंडा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।
दरअसल शुक्रवार को भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की असिस्टेंट कमिश्नर पुलिस (एसीपी) उमेश तिवारी के साथ झूमाझटकी और कथित तौर पर कॉलर पकड़ने का वीडियो वायरल हुआ था। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव स्थल के बाहर मौजूद दिग्विजय सिंह बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा कांग्रेस की एक महिला जिला पंचायत सदस्य को मतदान स्थल पर ले जाने का विरोध कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भीतर जाने से रोक रहे पुलिस अधिकारी और सिपाहियों से उनकी धक्कामुक्की हो गई थी। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर बीजेपी के तमाम नेताओं ने दिग्विजय सिंह की निंदा की और उनके इस व्यवहार को अमर्यादित बताया।

अब शिवराज के मंत्री विश्वास सारंग ने इस घटना को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष को चिट्ठी लिख दी है। जिसमें उन्होने कहा है कि इन चुनावों में कांग्रेस ने जमकर गुंडागर्दी की और लोकतंत्र की पूरी प्रक्रिया को शर्मसार करने का काम किया है। दिग्विजय सिंह ने असमाजिक तत्वों को साथ लेकर भोपाल जिला पंचायत कार्यालय के सामने भारी आतंक मचाया। उन्होंने न सिर्फ चुने हुए प्रतिनिधियों को चुनाव में भाग लेने से रोकने का प्रयास किया, बल्कि पुलिस अधिकारियों के साथ झूमाझटकी और मारपीट की। इससे पहले भी दिग्विजय सिंह पुलिस जवानों के साथ मारपीट कर चुके हैं। सारंग ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह हमेशा इसी तरह पोलिंग बूथ लूट कर चुनाव जीते हैं। अब जनता उनकी इस गुंडागर्दी का मुंहतोड़ जवाब देने लगी है, इसलिए वे लगातार चुनाव हार रहे हैं। सारंग ने पत्र में सोनिया गांधी से कहा है कि दिग्विजय सिंह के गुंडागर्दी वाले आचरण को देखते हुए मेरी आपको सलाह है कि उन्हें (दिग्विजय) को गुंडा कांग्रस का अध्यक्ष बना दिया जाए।

शिवराज-उमा भारती भी भड़के दिग्विजय पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह के व्यवहार को अशोभनीय बताते हुए कहा है कि आश्चर्य होता है कि जो व्यक्ति दस साल तक मुख्यमंत्री रहा हो वो ऐसे कृत्य कर रहा है। यह कांग्रेस की बौखलाहट का प्रतीक है। जमीन खिसक गई तो गालियां दो और कॉलर पकड़ो। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि दिग्विजय सिंह पर सरकार को कठोरतम कार्रवाई करनी चाहिए अन्यथा पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार की फोटो देख कर मध्यप्रदेश के पुलिस बल का मनोबल गिरेगा और वे जगह-जगह पिटने लगेंगे। दिग्विजय सिंह का व्यवहार अशोभनीय, निंदनीय और दंडनीय अपराध है।

दिग्विजय की सफाई- मैंने धक्का नहीं दिया
मैंने धक्का नहीं दिया। बस बचाव करने की कोशिश कर रहा था। मैं बीजेपी नेताओं की कार को भीतर जाने से रोक रहा था। इस घटना को गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। –

दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here