किसान चिंतित न हों नुकसान की भरपाई सरकार करेगी : राजस्व मंत्री श्री राजपूत


किसान चिंतित न हों नुकसान की भरपाई सरकार करेगी : राजस्व मंत्री श्री राजपूत


सभी कलेक्टर को तदाशय का पत्र भेजे जाने के दिए निर्देश 


भोपाल : बुधवार, मार्च 31, 2021, 18:54 IST

राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि आग या प्राकृतिक आपदा से फसलों को नुकसान होने पर किसान बिल्कुल भी चिंता न करें। क्षतिग्रस्त फसल के एक-एक दाने की भरपाई सरकार करेगी। प्रदेश सरकार किसानों कि हर मुसीबत में उनके साथ है। उन्होंने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेश के समस्त कलेक्टरों को पत्र जारी करने के निर्देश प्रमुख सचिव राजस्व श्री मनीष रस्तोगी को दिए हैं। मंत्री श्री राजपूत रायसेन के बाड़ी-बरेली एवं जैसीनगर सागर के ग्रामों में विगत दिनों खड़ी फसलों में आग लग जाने से पीड़ित किसानों से मिले और उन्हें धीरज बँधाया।

राजस्व मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि अनेक मामलों में शॉर्ट-सर्किट या अन्य कारणों से दुर्घटनावश फसलें आग लग जाने के कारण नष्ट हो जाती हैं। फसल कटाई के समय ऐन वक्त पर हुए नुकसान से किसानों की रात-दिन की मेहनत और भविष्य की उम्मीदें समाप्त हो जाती हैं। फसलों में आगजनी की घटनाओं के बाद किसानों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था तब कहीं मुआवजे की राशि उन्हें मिल पाती थी।

उन्होंने कहा कि अब किसानों को चिन्ता करने की जरूरत नहीं है, ऐसी अचानक आई प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य किसी प्रकार की दुर्घटना से फसल नष्ट हो जाने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार नुकसान का आंकलन कर तुरंत भरपाई करेगी। राजस्व मंत्री के रूप में मैं यह कह सकता हूँ कि क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया को अब बहुत सरल और सहज कर दिया गया है।

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि अब किसानों को आगजनी की घटनाओं पर भटकना नहीं पड़ेगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके का मुआयना करके प्रकरण बनाएंगे, जिस पर तुरंत मुआवजे का भुगतान किया जायेगा।


मुकेश दुबे

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here