- दिल्ली हिंसा में नुकसान की तैयार हो रही रिपोर्ट
- अब तक 69 लोगों ने मुआवजा क्लेम किया
दिल्ली हिंसा के बाद से हालात सामान्य करने की कोशिश लगातार जारी है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली के हालात की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आज (शनिवार) पूरे दिन कहीं से भी किसी प्रकार की हिंसा की खबर नहीं आई है. हालांकि कई लोग इस घटना के बाद घर छोड़कर चले गए हैं.
केजरीवाल ने बताया कि प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या जानने के लिए कुल चार सब डिवीजन में 18 सब डिविजनल मजिस्ट्रेट को काम पर लगाया गया है. ये सभी अपने-अपने इलाकों में नुकसान का सही अनुमान लगा रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, ‘अब तक 69 लोगों ने अनुदान राशि के लिए आवेदन किया है. इन सभी लोगों को कल (रविवार) तक 25,000 रुपये की मुआवजा राशि दे दी जाएगी.’
बता दें, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि अगर किसी व्यक्ति का घर पूरा या आधा जल गया है तो उन्हें 25,000 रुपये की सहायता राशि दिल्ली सरकार की तरफ से दी जाएगी.
केजरीवाल ने आगे कहा, ‘हिंसा के दौरान टूटे सभी स्ट्रीट लाइट की लिस्ट तैयार कर ली गई है, उन्हें जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा. दंगे के दौरान किसी भी सरकारी स्कूल को नहीं जलाया गया है. फेक वीडियो और संदेशों की वजह से ऐसे हालात पैदा हुए.’
और पढ़ें- दिल्ली हिंसा: 7 मार्च तक बंद रहेंगे स्कूल, परीक्षा की नई तारीखों का होगा ऐलान
उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभाग के साथ शनिवार को रिव्यू बैठक की गई. आज हिंसा की कोई खबर नहीं है. हमारी प्राथमिकता राज्य में सामान्य हालात बहाल करने की है. जिन लोगों के घर हिंसा के दौरान जले हैं उनके रहने के लिए फिलहाल रैन बसेरा में प्रबंध किया गया है.

