- महाराष्ट्र में जारी है कोरोना वायरस का कहर
- 55 से अधिक उम्र वाले पुलिसवालों को घर रहने का आदेश
देश में कोरोना वायरस महामारी का असर सबसे अधिक महाराष्ट्र में देखने को मिला है. यहां आम व्यक्ति से लेकर कोरोना वॉरियर्स तक को इस महामारी ने अपनी चपेट में लिया है. इसी को देखते हुए मुंबई पुलिस के कमिश्नर ने एक आदेश जारी किया है. जिसके तहत 55 साल से अधिक की उम्र वाले पुलिसकर्मियों को घर पर रहने का आदेश दिया है, वे ड्यूटी पर नहीं रहेंगे.
मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने आदेश जारी किया है कि 55 साल से अधिक उम्र के सभी पुलिसकर्मी छुट्टी पर रहेंगे और घर पर ही रहेंगे. ये फैसला तब लिया गया है कि जब पिछले तीन दिन में कोरोना वायरस की वजह से तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है. इन सभी की उम्र 55 साल से अधिक थी.
गौरतलब है कि कोरोना वायरस की महामारी यूं तो हर उम्र के व्यक्ति को अपना शिकार बना रही है, लेकिन अधिक उम्र के लोगों को इससे ज्यादा खतरा है. क्योंकि उनका इम्युन सिस्टम कमजोर होता है, यही वजह है कि स्वास्थ्य मंत्रालय और एक्सपर्ट लगातार बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस ने कई पुलिसकर्मियों को अपनी चपेट में लिया है, जिसमें सबसे अधिक मामले मुंबई से ही सामने आए हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
पूरे राज्य में अबतक दर्जनों पुलिसकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 3 पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं. इसी को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने ये फैसला लिया है.
अगर पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो यहां कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 8500 का आंकड़ा पार कर चुकी है. जबकि अबतक राज्य में 369 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. महाराष्ट्र देश का ऐसा राज्य है, जहां सबसे अधिक कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं.