नई दिल्ली, ब्यूरो। देशभर में राजस्थान का नाटक अभी खत्म भी नहीं हुआ कि मध्यप्रदेश में नए कर्मकांड शुरू हो गए हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज दिल्ली के कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात करके सनसनी फैला दी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। दिग्विजय ने कहा कि मैं यहां नामांकन फॉर्म लेने आया हूं और कल नामांकन करूंगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में शामिल अशोक गहलोत और सोनिया गांधी से भी दिग्विजय सिंह की मुलाकात होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी दिल्ली में हैं, उन्होंने कहा कि 1-2 दिन के अंदर राजस्थान का मामला सुलझ जाएगा। इस बीच, सोनिया से गहलोत की मुलाकात भी थोड़ी देर में होने वाली है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद राजस्थान पर भी फैसले का ऐलान किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि राजस्थान में अशोक गहलोत समर्थक विधायकों के बागी तेवरों के बाद सोनिया गांधी पूरे घटनाक्रम पर नाराज हैं। विधायक दल की बैठक के बहिष्कार और गहलोत के समर्थक मंत्रियों के बयानों को ऑब्जवर्स की रिपोर्ट में हाईकमान के आदेशों का उल्लंघन और गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी होने के बाद अब गहलोत भी पूरे मुद्दे पर अपना पक्ष रखेंगे। गहलोत खेमा प्रभारी अजय माकन पर पक्षपात करने और सचिन पायलट को फेवर करने का खुलेआम आरोप लगा चुका है। गहलोत राजस्थान में ब्ड रहेंगे या उन्हें अध्यक्ष का नॉमिनेशन करवाया जाएगा इन दोनों पर फैसला होगा। गौरतलब है कि 30 सितंबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख है, इसलिए आज सब कुछ साफ होने की संभावना है। शशि थरूर ने कल 11 बजे नामांकन दाखिल करने की घोषणा की है। दिग्विजय सिंह ने भी अध्यक्ष चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। गांधी परिवार के उम्मीदवार पर आज रूख साफ हो सकता है।
