- पुलिस ने बरामद किए 94 लाख
- चोरी के बाद फरार थे नौकर
गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी नरेंद्र कुमार जैन के घर हुई एक करोड़ की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. सिहानी गेट पुलिस ने 72 घंटे के अंदर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 94.30 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि कारोबारी नरेंद्र कुमार जैन ने 2 जुलाई को अपने घर से एक करोड़ रुपये चोरी हो जाने की तहरीर दी थी. जैन ने अपने नौकरों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कुछ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दिए थे. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक जैन की पत्नी अपने बच्चों को लेने मायके गई थी. वे भी काम से दिल्ली अपने दफ्तर चले गए. घर में दो नौकर वीरभान और अशोक पाठक अकेले रह गए थे. चोरी की घटना के बाद से दोनों फरार थे.
लॉकडाउन से दिल्ली में गिरा अपराध का ग्राफ, स्ट्रीट क्राइम में 56 फीसदी कमी
जैन की ओर से दी गई सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी स्कूटी पर एक थैला लेकर जाते नजर आ रहे थे. एक करोड़ रुपये से ज्यादा की चोरी की शिकायत पर पुलिस ने विशेष टीम गठित करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. सर्विलांस की मदद से पुलिस बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के फुलासी गांव तक पहुंच गई, जहां आरोपी छिपे थे. हालांकि दोनों मुख्य अभियुक्त भाग निकले. पुलिस ने अशोक पाठक के रिश्तेदारों से गहन-पूछताछ के बाद राम कुमार नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने राम कुमार की निशानदेही पर 94.30 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात बरामद कर लिए. पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है. अधिकारियों का दावा है कि मुख्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

