गुजरात में 24 घंटे में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई है. भूज में भूकंप का केंद्र बताया जा रहा है. भुज के भचाउ के पास रविवार रात से अब तक 18 बार भूकंप के झटके आए हैं, जिसमें 15 झटके हल्के थे. बार-बार आ रहे भूकंप से लोग दहशत में हैं.
गुजरात में रविवार रात 8.13 बजे पहला भूकंप आया, जिसके बाद लोगों में डर का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल गए. भूकंप का केंद्र कच्छ में भचाऊ के पास 10 किलोमीटर अंदर रहा. इस भूकंप के बाद कच्छ के कई घरों में दरारें तक आ गईं. इसके बाद से अब तक 18 बार गुजरात में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं.
वहीं, सोमवार जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. यहां भूकंप का झटका सोमवार सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर महसूस किया गया. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 रही.
दिल्ली में भी कई बार हिली धरती
इससे पहले 8 जून को दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.1 थी. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम से 13 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम में कम तीव्रता का भूकंप पैदा हुआ. इसकी गहराई 18 किलोमीटर थी और यह दोपहर एक बजे आया था.