ग्वालियर हादसे पर सिंधिया सख्त, बोले- ट्रक शहर में कैसे आया, होगी बारीकी से जांच; 15 श्रद्धालुओं की मौत

ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के समीप हुए दर्दनाक हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया घायलों का हाल जानने जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान और अस्पताल समूह के डॉक्टर भी मौजूद रहे।सिंधिया ने हादसे को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि रात के अंधेरे में ट्रक ने कई श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और तीन मरीजों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

डॉक्टरों की टीम उन्हें बेहतर उपचार देने का प्रयास कर रही है।केंद्रीय मंत्री ने घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ट्रक को मंदिर परिसर के पास प्रवेश कैसे मिला और भारी वाहन ग्वालियर शहर के भीतर कैसे पहुंचा? इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी। जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिंधिया ने बताया कि हादसे के संबंध में मुख्यमंत्री से सुबह से तीन बार चर्चा हो चुकी है। लापरवाही के मामले में तीन थाना प्रभारियों, पांच अन्य पुलिसकर्मियों और एक सीएसपी को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। यदि ट्रक मंदिर के गेट से नहीं टकराता, तो हादसे में और भी अधिक लोगों की जान जा सकती थी। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here