चांद नगर परिषद क्षेत्र में हर घर नल का सपना पूरा होगा
भोपाल : गुरूवार, दिसम्बर 17, 2020, 22:51 IST

नगरीय विकास एवं आवास विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी लिमिटेड के उप परियोजना संचालक श्री चन्द्र मोहन मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक से वित्त पोषित योजना के अन्तर्गत छिन्दवाड़ा जिले की चांद नगर परिषद में जल प्रदाय योजना का क्रियान्वयन, संचालन और संधारण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से चांद नगर परिषद क्षेत्र में नागरिकों के लिये जल प्रदाय की व्यवस्था को सुचारू रूप दिया जायेगा।
उप परियोजना संचालक श्री मिश्रा ने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत चांद नगर परिषद क्षेत्र में जल प्रदाय की सुचारू व्यवस्था के लिये लगभग 10 किलोमीटर की मुख्य पाइप लाईन एवं 35 किलोमीटर की वितरण लाईन बिछाई जा रही है। परियोजना की लागत 11 करोड़ 63 लाख रूपये है। परियोजना जनवरी 2020 में प्रारंभ हुई तथा जून 2022 में इसे पूर्ण किये जाने का लक्ष्य है। इस परियोजना से चांद नगर परिषद क्षेत्र की 15 हजार से अधिक आबादी को पेयजल सुगमता से उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि समस्त सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर जल प्रदाय योजना के पूरे होते ही चांद नगर परिषद क्षेत्र में हर घर नल का सपना पूरा होगा। नगर परिषद चांद के नागरिकों के लिए यह योजना वरदान साबित होगी।
श्रवण कुमार सिंह
Source link

