छतरपुर में दलित दिव्यांग जिला पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला, FIR दर्ज

छतरपुर, मध्य प्रदेश। बुंदेलखंड में दलितों पर बढ़ते अपराधों के बीच छतरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दलित दिव्यांग जिला पंचायत सदस्य मनोज अहिरवार को दबंगों ने उनके घर के दरवाजे पर ही निशाना बनाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है।मनोज अहिरवार ने बताया कि यह घटना 8 जून की है, जब कुछ दबंगों ने उनके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उन पर पथराव भी किया। उन्होंने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपनी तीन पहिए वाली गाड़ी में छेड़छाड़ करने से मना किया। इसके बाद दबंगों ने उन पर दोबारा हमला कर दिया।

घटना के तुरंत बाद मनोज अहिरवार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। अहिरवार का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी सिविल लाइन थाना पुलिस ने पहले इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की थी। न्याय की आस में, मनोज अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में भी आवेदन दिया। उनका यह भी कहना है कि दबंगों के खौफ के कारण वह अपने घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनके साथ हुए इस हमले ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और दलितों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। यह घटना बुंदेलखंड में दलित समुदाय के प्रति बढ़ते अपराधों की एक और कड़ी है, जो चिंता का विषय है।

वहीं, SP कार्यालय में आवेदन देने के बाद देर रात सिविल लाइन थाना पुलिस ने फरियादी को बुलाकर शिकायत दर्ज की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि फरियादी मनोज अहिरवार ने थाना में आकर शिकायत की है कि उसके साथ मारपीट हुई है, जिस पर पुलिस ने 3 आरोपियों अज्जू जोशी, कृष्णा जोशी, अमर जोशी पर अपराध दर्ज किया गया है और कार्रवाई की जा रही है।

बाइट: मनोज अहिरवार, जिला पंचायत सदस्य, पीड़ित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here