छत्तीसगढ़ के बालोद में दर्दनाक हादसा, ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर में 6 की मौत और 7 हो गए घायल

Last Updated:

Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद में उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन खराब हो गया था और लोग उसे ठीक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

बालोद में दर्दनाक हादसा, ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर में 6 की मौत और 7 घायलZoom

बालोद में भीषण एक्सीडेंट

Balod Road Accident: जिंदगी कब, कहां और कैसे एक झटके में खत्म हो जाए, कोई नहीं जानता. छत्तीसगढ़ नेशनल हाईवे-30 पर बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र स्थित मरकाटोला घाट के पास घटी एक दर्दनाक घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया है. कवर्धा जिले से बड़ी उम्मीदों और खुशियों के साथ निकले डीजे कलाकारों की रफ्तार भरी जिंदगी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने हमेशा के लिए थाम दिया. इस खौफनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

बताया जा रहा है कि कवर्धा जिले के लगभग 15 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर डीजे बजाने के लिए जगदलपुर की ओर जा रहे थे. लेकिन मरकाटोला घाट के पास अचानक पिकअप वाहन खराब हो गया. सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर सभी लोग उसे ठीक करने की कोशिश ही कर रहे थे. तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने काल बनकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पिकअप को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया और फिर सड़क किनारे पलट गया. पलभर में चीख-पुकार मच गई.

जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली. वह मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है. इसके बाद पिकअप वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया है. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. 7 लोगों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

उपमुख्यमंत्री ने फोन पर की बात
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है. वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अस्पताल में भर्ती घायलों से फोन पर बातचीत की. उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए.

About the Author

गोविन्द सिंहSenior Sub Editor

गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…

और पढ़ें


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here