JEE और NEET के परीक्षार्थियों के लिए सरकार ने खास इंतजाम किए हैं.
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में कोरोना वायरस (Corona Virus) के संक्रमण से अब तक 269 मरीजों की मौत हो चुकी है. संक्रमण का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है.
कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के बीच इंजीनियरिंग के उच्च संस्थानों में दाखिले के लिए ज्वाइंट एंट्रेस एग्जाम (JEE) केन्द्र सरकार करा रही है. इसी तरह मेडिकल में प्रवेश के लिए नीट (NEET) की परीक्षा ली जा रही है. ऐसे में परीक्षार्थियों को संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने विशेष इंतजाम किए हैं. जेईई और नीट दोनों के ही परीक्षार्थियों को राज्य सरकार ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का इंतजाम किया है. इसके लिए राज्य सरकार की ओर से मुफ्त परिवहन की व्यवस्था की गई है. जिला मुख्यालयों से आज से छात्रों की रवानगी होगी. परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना और फिर वापस जिला मुख्यालय तक लाने का इंतजाम सरकार ने किए हैं. दुरस्त जिलों के छात्र आज सुबह 11 बजे से रवाना होंगे.
महज 9 दिनों में मिले 10 हजार नए मरीज
छत्तीसगढ़ में बीते 9 दिनों में ही कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 20 हजार से 30 हजार तक पहुंच गई है. बीते शनिवार को प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा 1516 नए मरीजों की पहचान एक दिन में की गई. प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मरीजों की संख्या 13 हजार 520 है. कोरोना पर नियंत्रण के लिए सरकार तमाम कवायदें करने का दावा कर रही है, लेकिन अनलॉक की प्रक्रिया के बाद लगातार बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं.


