छत्तीसगढ़ सरकार ने निजी पैथोलॉजी लैब और अस्पतालों में कोविड-19 की जांच के लिए आरटी-पीसीआर तथा एंटीजन रैपिड टेस्ट की दर तय कर दी है. छत्तीसगढ़ में स्थापित लैबों में आरटीपीसीआर जांच के लिए 1600 रूपए की दर निर्धारित की गई है. जांच के लिए संभावित मरीज के घर से सैंपल संकलित किए जाने पर 1800 रूपए लिए जाएंगे. प्रदेश के बाहर स्थित लैबों के लिए आरटीपीसीआर जांच की दर दो हजार रूपए निर्धारित की गई है. घर से सैंपल कलेक्शन किए जाने पर 2200 रूपए लिए जाएंगे. इन शुल्कों में सैंपल कलेक्शन, परिवहन, जांच, कन्जुमेबल्स, पीपीई किट इत्यादि शुल्क शामिल हैं.
नियम लागू
निजी लैबों और अस्पतालों में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए 900 रूपए का शुल्क तय किया गया है. इसमें जांच, कन्जुमेबल्स, पीपीई किट इत्यादि शुल्क शामिल हैं. राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज मंत्रालय से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं. शासन द्वारा निर्धारित ये दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं.
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी आदेश.
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी सौगात, शिक्षकों के 14,580 पदों पर भर्ती का आदेश जारी
लगातार बढ़ रहे आंकड़े
मालूम हो कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के 3,450 नए मामलों की पुष्टि हुई. राज्य में एक दिन में आने वाले मामलों के लिहाज से यह अब तक सबसे अधिक है. इसके साथ ही मंगलवार को छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के शिकार होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 70,777 हो गई है. वहीं, राज्य में मंगलवार को 773 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई. इस अवधि में 15 संक्रमितों की मौत हुई है.
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तक छत्तीसगढ़ में अब तक 8,27,074 नमूनों की जांच की गई है. इनमें 70,777 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. 34,238 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं. राज्य में 35,951 मरीज उपचाराधीन हैं. राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 588 लोगों की मौत हुई है. राज्य के रायपुर जिले में सबसे अधिक 23,621 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. जिले में कोरोना वायरस संक्रमित 278 लोगों की मौत हुई है.

