छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल (फाइल फोटो)
सीएम भूपेश बघेल ने पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को मानसिक तनाव से राहत देने के लिए पुलिस महानिदेशक को विशेष उपाय करने के निर्देश दिए हैं. पिछले महीनों में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनमें जवानों के बीच मामूली बात को लेकर हुए विवादों में जवान को जान गंवानी पड़ी हो.
बघेल ने कहा है कि कई बार सुरक्षा बल के जवानों में तनाव के कारण मामूली बातों पर आपसी विवाद के कारण हिंसक घटनाएं हो जाती हैं, जिसके लिए उनके घर वालों को पूरी जिंदगी पछताना पड़ता है जो गंभीर चिंता का विषय है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि जवानों को विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ता है. जवानों में काम का बोझ, परिजनों से दूरी और मनोरंजन का अभाव, तनाव और अवसाद पैदा करने का कारण बनते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि जवानों के लिए कार्य स्थल पर अनुकूल वातावरण बने.
घर जैसा वातावरण अकेलेपन को करेगा दूर
बघेल ने कहा है कि तनाव ग्रस्त जवानों की मनोवैज्ञानिकों की मदद से नियमित रूप से काउंसलिंग (Counseling) की जाए. जवानों के लिए योग, खेल गतिविधियां और मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए जाएं जिससे उनका मानसिक तनाव दूर हो सके. उन्होंने कहा कि जवानों को छुट्टी देने की प्रक्रिया को भी सरल बनाना जरूरी है. जवानों की इकाइयों में ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास करें कि उन्हें घर जैसा वातावरण लगे और वह अकेलापन महसूस न करें. जवानों के मेडिकल चेकअप (Medical Checkup) की व्यवस्था भी समय-समय की जाए.कई घटनाओं के बाद उठाया कदम
गौरतलब है कि पिछले महीने की 29 तारीख को राज्य के नारायणपुर जिले में पुलिस शिविर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के सहायक प्लाटून कमांडर (Assistant Platoon Commander) ने अपनी सर्विस राइफल (Service Rifle) से गोलीबारी करके अपने दो साथियों को मार दिया था. इस घटना में एक अन्य जवान घायल हो गया था. इससे पहले इस वर्ष एक फरवरी को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के ही जवान ने अपने एक साथी ही गोली मारकर हत्या कर दी थी तथा एक अन्य जवान को घायल कर दिया था. वहीं नारायणपुर जिले में पिछले वर्ष दिसंबर माह की चार तारीख को आपसी लड़ाई में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के छह जवानों की मृत्यु हो गई थी. वहीं बीजापुर जिले में पिछले वर्ष जून महीने में आपसी लड़ाई में सीएएफ के दो जवान मारे गए थे. (इनपुट-भाषा)
News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए रायपुर से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.
First published: June 1, 2020, 8:28 PM IST

