l
मुरैना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी मुरैना एवं श्योपुर का दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर रविवार को शहनाई रिसोर्ट में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि देश को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा। तभी देश सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने कहा कि हमें जनता का विश्वास जीतना होगा और लोगों को भरोसा दिलाना होगा कि कांग्रेस पार्टी आपकी थी, आपकी है और आपकी ही रहेगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पदाधिकारियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए चुनाव जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय कार्यकर्ताओं की निगाह से होने चाहिए। संगठन सृजन अभियान के तहत जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के विचारों को प्रमुखता से स्थान देना जरूरी है।संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने पदाधिकारियों को संगठन की कार्यशैली से अवगत कराते हुए जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन के कार्यों में शिथिलता बरतने वाले पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी ललित सेन एवं मतदाता सूची के सह प्रभारी प्रमिल मित्र ने भी पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए ज्ञानवर्धक साबित होगा और कार्यकर्ताओं को नई तकनीकों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किए।शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षण में शामिल पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रशिक्षक प्रभारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। अतिथियों ने शिविर की व्यवस्थाओं और आयोजन की सराहना की।ये रहे मौजूद: शिविर में डॉ. देवेंद्र शर्मा, रामकिंकर गुर्जर, विधायक दिनेश गुर्जर, विधायक पंकज उपाध्याय, विधायक देवेंद्र सखवार, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतपाल सिंह सिकरवार, शैलेंद्र गुर्जर, श्योपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, अतुल चौहान, भगवान सिंह तोमर, लोकेंद्र यादव, कुलदीप यादव, प्रवक्ता हरीश पाठक, संजीव कुशवाह, जितेंद्र सिंह डंगस, सुभाष सिंह सिकरवार सहित मुरैना एवं श्योपुर जिले के ब्लॉक, मंडल और नगर अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता हरीश पाठक ने दी।


