झारखंड विधानसभा चुनाव: गृहमंत्री अमित शाह की आज दो जनसभाएं

झारखंड में विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के प्रचार के लिए गृहमंत्री अमित शाह रविवार को सिसई और सिमडेगा पहुंचेंगे। वे सिसई विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश उरांव और सिमडेगा में श्रद्धानंद बेसरा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। गौरतलब है कि यह अमित शाह की झारखंड में तीसरा चुनावी दौरा है। इन दोनों सीटों पर सात दिसंबर को मतदान होना है। सिसई सीट पर लड़ रहे दिनेश उरांव का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिगा मुंडा से है। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी दिनेश उरांव वर्तमान में विधायक हैं और वे झारखंड विधानसभा में स्पीकर कर भी हैं। सिमडेगा विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा हैं, जिनका मुकाबला कांग्रेस के भूषण बारा से है। इस सीट पर साल 2009 और 2014 में भाजपा की विमला प्रधान ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट दिया और यहां से श्रद्धानंद बेसरा को उम्मीदवार खड़ा किया। 

शाह इससे पहले 22 नवंबर को मनिका और लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र और 28 नवंबर को चतरा और गढ़वा में चुनावी रैली की थी। शाह के अलावा झारखंड में भाजपा से चुनाव प्रचार करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सांसद रवि किशन, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी शामिल हैं।

झारखंड विधानसभा में दूसरे चरण के चुनाव के लिए सात दिसंबर को मतदान होगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here