डोंगला वेधशाला का विस्तारीकरण किया जायेगा : मंत्री श्री सकलेचा


डोंगला वेधशाला का विस्तारीकरण किया जायेगा : मंत्री श्री सकलेचा


 


भोपाल : सोमवार, जुलाई 27, 2020, 20:31 IST

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने उज्जैन के महिदपुर तहसील के ग्राम डोंगला में अत्याधुनिक वेधशाला का भ्रमण किया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने सम्बन्धित वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर उज्जैन एवं डोंगला को विज्ञान और धर्म की नगरी बनाने पर जोर दिया। साथ ही भविष्य की साइंस सिटी बनाने पर कार्य किए जाने की बात कही।

बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि डोंगला की वेधशाला में क्या-क्या विस्तारीकरण किया जा सकता है, इसकी विस्तृत योजना तैयार की जाये, ताकि वेधशाला को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मंत्रीद्वय ने डोंगला में स्थित कर्क रेखा एवं यामोत्तर रेखा के मिलन बिन्दु पर स्थापित वराह मिहिर खगोलीय वेधशाला परिसर में ऑप्टिकल टेलीस्कोप, शंकु यंत्र, भास्कर यंत्र एवं भित्ति यंत्र का अवलोकन किया। निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर सम्बन्धित एजेन्सी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। विधायक श्री बहादुरसिंह चौहान, मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी, वैज्ञानिक डॉ. भूपेश सक्सेना, इन्दौर एसजीएस आईटी के डायरेक्टर डॉ. राकेश सक्सेना आदि उपस्थित थे।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में अवगत कराया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के ग्राम डोंगला में प्रदेश की प्रथम अत्याधुनिक वेधशाला की स्थापना का उद्देश्य डोंगला को खगोल विज्ञान अनुसंधान केन्द्र के रूप में विकसित करना है।

मंत्री श्री सकलेचा ने तारा मण्डल का भ्रमण किया

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान महानन्दा नगर स्थित तारा मण्डल का भ्रमण किया। इस दौरान मंत्री श्री सकलेचा ने तारा मण्डल के ऑडिटोरियम में उज्जैन नगर के इतिहास, सौर मण्डल के ग्रह नक्षत्र तथा पृथ्वी की उत्पत्ति सम्बन्धी शो भी देखा। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।


राजेश बैन


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here