- दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल 23, 645 मामले
- कोरोना से मरने वालों की संख्या 606 हुई
दिल्ली में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है. 24 घंटे में यहां पर रिकॉर्डतोड़ 1,513 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही राजधानी में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 23,645 हो गई है. पिछले 24 घंटे में 9 लोगों की कोरोना से मौत हुई है. दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या 600 के पार हो गई है. अब तक कुल 606 लोगों ने जान गंवाई है.
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में सिर्फ 299 मरीज ठीक हुए हैं. दिल्ली में कुल एक्टिव केस 13,497 हैं. इससे पहले मंगलवार को दिल्ली में कोरोना के 1,298 नए मामले सामने आए थे, जबकि 11 लोगों की मौत हुई थी.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
इस बीच, दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दफ्तर में भी कोरोना वायरस की एंट्री हो गई है. संघ के सहप्रचार प्रमुख डॉ सुनील आंबेकर और डॉ योगेंद्र कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. उनके अलावा 2 बावर्ची भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं. डॉ आंबेकर का इलाज सफदरजंग हॉस्पिटल में चल रहा है. कोरोना के मामले सामने आने के बाद उदासीन आश्रम जो फिलहाल दिल्ली में संघ का दफ्तर है उसे सैनिटाइज किया गया.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
वहीं, केंद्र सरकार के मंत्रालय के दफ्तरों में भी कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. बुधवार को अलग-अलग मंत्रालयों के कई कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी सामने आई. दिल्ली स्थित वाणिज्य मंत्रालय के तहत आने वाले डीपीआईआईटी का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. इसके बाद उद्योग भवन का एक कॉरिडोर सैनेटाइजेशन के लिए एक दिन बंद किया गया है. संबंधित कर्मचारी के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को चौदह दिन घर पर क्वारनटीन रहने के लिए कहा गया है.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
वहीं, श्रम और रोजगार मंत्रालय के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद श्रम शक्ति भवन में मंत्रालय के कार्यालय तीन से पांच जून तक बंद रहेंगे. पूरे दफ्तर का सैनेटाइजेशन किया जाएगा. सभी अधिकारी और कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा गया है. उधर, साउथ एमसीडी की मेयर सुनीता कांगड़ा भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं. उनके पति और दो बच्चे भी संक्रमित पाए गए.

