राजनांदगांव में किसानों ने प्रदर्शन किया.
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के राजनांदगांव (Rajnandgaon) जिले के 139 धान खरीदी केंद्रों में धान (Paddy) की बंपर आवक हो रही है, लेकिन खरीदी केन्द्रों में बारदानों की कमी और अव्यवस्था का आलम है.
जिला किसान संघ के बैनर तले सोमवार को किसानों ने जिले के सभी एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया. किसान रैली लेकर जिले के अलग-अलग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया. किसान संघ के जिला संयोजक सुदेश टिकम ने कहा कि जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसानों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. ना ही बारदानों की व्यवस्था की जा रही है, जिसके कारण किसान परेशान हैं और कई धान खरीदी केंद्र बंद हो चुके हैं. अगर स्थिति यही रही तो आने वाले समय में 20 से 30 प्रतिशत धन खरीदी केंद्र बंद हो जाएंगे. अगर सरकार अपनी व्यवस्था नहीं सुधरती है तो 3 दिन के बाद जिला कार्यालय में किसान संघ ताला जड़ेगा.
एसडीएम को बताई समस्याएं
सैकड़ों की संख्या में किसान राजनांदगांव एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को समस्याओं से अवगत कराया और किसानों ने अपनी बात रखी. किसानों ने कहा कि व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो जिला कार्यालय में किसान ताला जोड़ेंगे. वहीं पूरे मामले में एसडीएम मुकेश रावटे ने कहा कि बारदाने की समस्या और धान खरीदी को लेकर कुछ समस्या आ रही है. इसके संबंध में किसान यहां एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे और अपनी समस्याओं को यहां उन्होंने रखा है और सारी बातों को हम प्रशासन स्तर पर पहुंच जाएंगे और जल्दी से जल्दी किसानों की समस्याओं को दूर किया जाएगा और धान खरीदी में जो दिक्कतें आ रही हैं उसे भी दूर किया जाएगा और बारदाने की समस्या को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा.

