नगरीय निकायों की आय बढ़ाने समिति गठित
भोपाल : मंगलवार, जुलाई 28, 2020, 17:56 IST

नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रदेश के नगरीय निकायों की स्वयं की आय में वृद्धि किये जाने के उद्देश्य से आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री निकुंज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया गया है। श्री मयंक वर्मा संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास समिति के संयोजक होंगे। गौरतलब है कि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने गत दिवस समिति गठित करने के निर्देश दिये थे।
समिति में आयुक्त नगरपालिक निगम भोपाल श्री के.वी.एस. चौधरी, आयुक्त नगरपालिक निगम इंदौर श्रीमती प्रतिभा पाल, उप सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री राजीव निगम एवं डॉ. शुभाशीष बैनर्जी और संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास संभागीय कार्यालय इंदौर श्री अभय राजनगांवकर सदस्य होंगे।
समिति नगरीय निकायों के वर्तमान आय के स्रोत एवं उनके अनुपात में निर्वहन किये जा रहे दायित्वों का आकलन कर आय के स्रोतों में वृद्धि के उपायों और नवीन आय के स्रोत सृजित करने पर विचार करेगी। समिति द्वारा आय में वृद्धि के लिये अधिनियमों तथा नियमों में संशोधन के संबंध में भी विचार किया जायेगा। समिति इस संबंध में अन्य विषय-विशेषज्ञों अथवा संस्थानों से भी सुझाव ले सकेगी।
राजेश पाण्डेय
Source link

