नर्मदापुरम। जिले के ग्राम आंखमऊ में शुक्रवार शाम एक नवदंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय आदर्श यादव का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी 21 वर्षीय छह माह की गर्भवती पत्नी भारती बेड पर अचेत अवस्था में मिली। घटना के समय कमरा अंदर से बंद था।बताया जा रहा है कि माखननगर से लौटे भारती के भाई सिद्धार्थ ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा, जिसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई।मृतक दंपति की शादी 20 अप्रैल 2026 को हुई थी और चार दिन पहले ही दोनों अपने नाना-नानी के घर आंखमऊ आए थे। शनिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


