रीवा से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यह के तराई अंचल के, अतरैला थाना क्षेत्र की बौलिया घाटी के पास, एक मवेशी व्यापारी की निर्मम हत्या कर दी गई, और उसके शव को नाले में मिट्टी व झाड़ियों के नीचे दबा दिया गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक की शिनाख्त चौखंडी निवासी करीब 60 से 65 वर्षीय लखू चिकवा के रूप में हुई है, जो मवेशी की खरीद फरोख्त का काम करते थे।बताया जा रहा है कि, वे बकरे बकरियों के व्यापार के लिए अपनी दोपहिया गाड़ी से अतरैला थाना क्षेत्र के कुरौली गांव गए हुए थे। जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आशंका जताई जा रही है कि बौलिया घाटी के घने जंगलों में, लूट के इरादे से, अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया होगा, और लूट के इरादे से उनके साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी गई होगी।
माना जा रहा है कि, साक्ष्य छिपाने के लिए हत्यारों ने शव को सड़क किनारे बने एक नाले में फेंककर ऊपर से मिट्टी और जंगली झाड़ियां डाल दीं। घटना की खबर फैलते ही पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी। स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में नाले से शव को बाहर निकाला गया। क्राइम सीन से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।


