नेताजी सुभाषचंद्र बोस का देश की आजादी में अतुलनीय योगदान : मुख्यमंत्री श्री चौहान


नेताजी सुभाषचंद्र बोस का देश की आजादी में अतुलनीय योगदान : मुख्यमंत्री श्री चौहान


अखिल भारतीय प्रो कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन 


भोपाल : गुरूवार, जनवरी 21, 2021, 20:50 IST

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वर्ष 1982 से सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव लगातार कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाता रहा है। विगत 38 वर्षों से चली आ रही इस परम्परा को बनाये रखने में सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव एवं स्थानीय निवासियों की भूमिका की मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सराहना की। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आगे भी यह परम्परा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता के इस अदभुत आयोजन को बगैर किसी शासकीय मदद के करना अपने आप में महत्वपूर्ण है। इस तरह की स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट अगर राजनीति में भी देखने को मिले तो निश्चित ही राष्ट्र का कल्याण होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मंत्रीमंडल में उनके साथी श्री प्रहलाद सिंह पटेल के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में भी विकास का महायज्ञ प्रारंभ हो गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अमर शहीदों के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका देश पर कर्ज है। गोटेगांव स्टेडियम ग्राउंड का नाम अब नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम पर होगा। साथ ही स्टेडियम में पेवेलियन एवं मंच निर्माण की पहल भी की जायेगी। प्रदेश खेलों में और आगे बढ़े, इसके लिए खेलों इंडिया गेम्स-2022 का आयोजन मध्यप्रदेश में किया जाये, इसके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी से चर्चा की जायेगी। इसके अलावा प्रदेश में कबड्डी अकादमी के गठन की पहल भी की जायेगी।

केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि 20 जनवरी से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाली इस कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान यह अहसास नहीं था कि भारत सरकार 23 जनवरी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनायेगी। निश्चित ही स्वयं उनके लिए एवं सम्पूर्ण गोटेगांव के लिए यह गौरव का क्षण है। यह अवसर उन्हें सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव का सदस्य होने के नाते प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी प्रतियोगिता के गोटेगांव में आयोजन से जुड़े संस्मरण सुनाये। सहयोग क्रीड़ा मंडल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस मंडल ने कभी भी कोई गलत निर्णय नहीं लिया। खिलाड़ियों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ कभी समझौता नहीं हुआ। उन्हें खुशी है कि यह परिसर पूर्णत: धूम्रपान वर्जित है। पुलिस प्रशासन के साथ अन्य विभागों का भी सहयोग हमेशा से इस प्रतियोगिता में प्राप्त होता रहा है। स्टेडियम में संचालित होने वाली खेल गतिविधियों को लेकर आज तक किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं हुई, यह खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। श्री पटेल ने कहा कि गोटेगांव जैसी जगह पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना सभी के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम में मासिक पत्रिका पराक्रम का विमोचन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। इस अवसर पर विधायक श्री जालम सिंह पटेल, हटा विधायक श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, बरगी विधायक श्री संजय यादव सहित जन-प्रतिनिधि, समाजसेवी, कमिश्नर जबलपुर श्री बी. चंद्रशेखर, आईजी श्री भागवत सिंह चौहान, कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी, कोच और नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का आभार विधायक श्री जालम सिंह पटेल ने किया।


राहुल वासनिक


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here