परिवार के विरोध के बीच प्रेमी जोड़े ने मांगी सुरक्षा; युवती बोली- “अपनी मर्जी से की है शादी, पति के साथ ही रहना चाहती हूं”

छतरपुर जिले के पठापुर गांव की रहने वाली किरण अहिरवार ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपनी पसंद से शादी करने के बाद मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई। युवती ने साफ तौर पर कहा कि उसने अपनी इच्छा से मंदिर में विवाह किया है और अब वह अपने पति नरेंद्र अहिरवार के साथ ही रहना चाहती है।

मीडिया से बातचीत के दौरान किरण अहिरवार ने बताया कि उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और लगातार उस पर शादी तोड़ने का दबाव बना रहे हैं। युवती का कहना है कि परिवार वाले इस विवाह को स्वीकार नहीं कर रहे और यहां तक कह चुके हैं कि “वह उनके लिए मर चुकी है।”

किरण ने कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का अधिकार रखती है।वहीं, नरेंद्र अहिरवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से लड़की के परिजन लगातार उन्हें ढूंढ रहे हैं और परेशान कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं, जिसके चलते दोनों खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

जोड़े ने बताया कि उन्होंने पहले सिविल लाइन थाने में संपर्क किया था। वहां पुलिस ने परिजनों से बात भी की, लेकिन किरण ने साफ कर दिया कि वह अपने घर वापस नहीं जाना चाहती और पति के साथ ही रहना चाहती है। युवती ने यह भी कहा कि उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है और उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है।

फिलहाल, यह प्रेमी जोड़ा प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा है। दोनों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक साथ रहना चाहते हैं और उनके निजी जीवन में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here