रेणु जोगी मरवाही की जनता को अजीत जोगी की जीवनी की किताब भेंट कर न्याय मांग रही हैं.
Marwahi Assembly By-Election: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी (Ajit Jogi) के निधन के बाद खाली हुई मरवाही विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है. मतदान से पहले जोगी कांग्रेस के नेता अमित जोगी (Amit Jogi) का नामांकन खारिज कर दिया गया है.
मरवाही चुनाव से जोगी परिवार भले ही बाहर हो गया हो, लेकिन उन्होने अपनी हार नहीं मानी है. जोगी परिवार मरवाही चुनाव में अपने साथ अन्याय होने का आरोप लगाते हुए न्याय यात्रा कर रहा है. इस काम का बीड़ा खुद दिवंगत अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी ने उठाया है. वो मरवाही विधानसभा के सभी बूथों से लेकर सेक्टर तक जनता को उनके साथ हुए अन्याय की जानकारी दे रही हैं. इस मिशन का नाम न्याय यात्रा दिया है, जो मरवाही विधानसभा में हर जगह जाएगी.
दुश्मनी का शिकार
जोगी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा है कि मेरे पिताजी और मुझसे राजनीतिक बैर समझ आता है, पर जोगी जी की बहू को दुश्मनी का शिकार बनाने की सजा मरवाही की जनता जरूर देगी. मरवाही विधानसभा के सभी सेक्टर प्रभारियों और बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सभी को इस यात्रा को सफल बनाने को कहा गया है. अमित जोगी ने सभी के सामने हाथ जोड़ कर खुद को कमियां बता सभी से उनका आदेश पर्चियों के माध्यम से मांगा गया. अमित जोगी के मुताबिक मरवाही के साथ हुए इस अन्याय के खिलाफ आप सब के आदेशानुसार अब हम न्याय यात्रा लेके जन जन तक जायेंगे. मरवाही के हर गांव मे हर गली मे जनता कांग्रेस की न्याय यात्रा निकलेगी जो वोट के लिए नही पर उससे भी महत्वपूर्ण मांग के लिए होगी, न्याय के लिए होगी.

