- फर्जी पास के सहारे लौट रहे थे बिहार
- आठ लोग महिंद्रा कार में थे सवार
लॉकडाउन की वजह से लोग अपने घरों में बंद हैं. क्योंकि कोरोना वायरस को हराने का यही एकमात्र रास्ता है. लेकिन कई लोग पुलिस की आंखों मे धूल झोंकने के लिए फर्जी कर्फ्यू पास बनवा रहे हैं. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास दिल्ली पुलिस ने ऐसे ही कुछ लोगों को पकड़ा है. दिल्ली पुलिस के जवान रानी झांसी रोड पर आने जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे तभी उन्होंने एक महिंद्रा कार को रोका. इस कार में पांच पुरुष, एक महिला और दो बच्चे बैठे हुए थे. पूछताछ में पता चला कि ये लोग मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं और दिल्ली में सदर बाजार इलाके में रह रहे थे.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली पुलिस ने बताया कि फिलहाल ये लोग कोरोना वायरस के चलते दिल्ली छोड़कर बिहार लौटने की फिराक में थे. जांच के दौरान पुलिस ने इनसे कर्फ्यू पास भी बरामद किए. ये पास डीसीपी नॉर्थ के ऑफिस से जारी किए गए थे. इस पास पर बिहार के सीतामढ़ी जिले का पता लिखा हुआ था. इस पास की वैधता 24 अप्रैल 2020 तक की है. हालांकि जांच में पता चला कि ड्राइवर ने जो पास दिखाया था वो किसी एनजीओ के नाम से था. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि बाद में इन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया.
पुलिस की पूछताछ में कार के ड्राइवर मकसूद आलम ने बताया कि उसका फूफा मोहम्मद मुनीफ, बिहार के एक अस्पताल में भर्ती है. उनका बेटा इरशाद उनसे मिलने बिहार जाना चाहता था इसके लिए उन्होंने सदर बाजार थाने से कर्फ्यू पास की मांग की लेकिन थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने इन्हें पास देने से इनकार करते हुए, डीसीपी ऑफिस जाने की सलाह दी. हालांकि डीसीपी ऑफिस ने भी इन लोगों के लिए पास जारी नहीं किया.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने बताया कि सद्दाम नाम के एक जानकर ने उन्हें भरोसा दिया कि वो पास का इंतजाम करवा देंगे, क्योंकि वो इससे संबंधित एक शख्स को जानते हैं. जिसके बाद ये लोग सैयद फहद नाम के शख्स से मिले. उसी शख्स ने इन्हें कर्फ्यू पास मुहैया करवाया. पास मिलने के बाद इरशाद के मामा अनवर हुसैन ने गाड़ी का इंतजाम करवाया.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
फहद ने जो कर्फ्यू पास की व्यवस्था की थी वो ड्राइवर मकसूद आलम के नाम पर था जोकि एनजीओ- प्रॉब्लम एंड सोल्युशन, सीतामढ़ी बिहार के पते पर था और 24.04.20 तक वैध था. फिलहाल पुलिस फहद की तलाश कर रही है. साथ ही ये जानने की कोशिश कर रही है कि उसने किसकी मदद से कर्फ्यू पास की व्यवस्था की थी.

