छतरपुर। जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के मनुरिया गांव निवासी युवक रवि अहिरवार शुक्रवार को हाथ में भरत तिवारी का पोस्टर लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। इस दौरान उसने गौरिहार थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस मुर्दाबाद और गौरिहार थाना पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए।युवक रवि अहिरवार का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है। उसने दावा किया कि उसे बेवजह फंसाया जा रहा है और निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही। युवक ने भाजपा के एक स्थानीय नेता सहित राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के भाई पर भी गंभीर आरोप लगाए। एसपी कार्यालय पहुंचे युवक ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। वहीं, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

