- PAK के खिलाफ खेलने के लिए सरकार की अनुमति नहीं थी
- वनडे चैम्पियनशिप रद्द होने से भारत ने क्वालिफाई कर लिया
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे चैम्पियनशिप रद्द होने के बाद 2021 में होने वाली आईसीसी महिला विश्व कप में अपनी जगह सुरक्षित की. भारतीय टीम को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलने के लिए सरकार से अनुमति नहीं मिली थी. भारत और पाकिस्तान के बीच मैच पिछले साल जुलाई और नवंबर के बीच खेले जाने थे. लेकिन यह सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर था.
दोनों टीमों में तीन मैचों की सीरीज रद्द होने के कारण बराबर अंक बांट दिए गए. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बयान में कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज के संदर्भ में तकनीकी समिति इस निर्णय पर पहुंची कि कुछ विशेष कारणों से सीरीज नहीं खेली जा सकती है. क्योंकि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने कहा कि उसे पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए सरकार से मंजूरी नहीं मिली. यह सीरीज आईसीसी महिला चैचैम्पियनशिप का हिस्सा थी. ’
इसमें कहा गया है, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज प्रतियोगिता के छठे दौर में शामिल थी, जिसका आयोजन जुलाई और नवंबर 2019 के बीच होना था, लेकिन दोनों बोर्ड के सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद यह सीरीज नहीं हो पाई.’ इसका मतलब है कि 2017 में उप विजेता रहने वाले भारत ने न्यूजीलैंड में 2021 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया.
UPDATE🚨: India qualify for the ICC Women’s Cricket World Cup 2021 to be played in New Zealand. #TeamIndia
Details: https://t.co/K8692jvQsK pic.twitter.com/OL5i4nbEHA
— BCCI Women (@BCCIWomen) April 15, 2020
भारत और पाकिस्तान की टीमें दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनावों के कारण केवल आईसीसी प्रतियोगिताओं में ही खेलती हैं. आईसीसी महिला चैम्पियनशिप में 2017 से 2020 के बीच सभी आठ टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ तीन-तीन मैचों की सीरीज खेली. मेजबान न्यूजीलैंड और तालिका में शीर्ष पर रहने वाली अगली चार टीमों ने इस वनडे टूर्नामेंट के लिये सीधे क्वालिफाई किया.
बयान में कहा गया है, ‘ऑस्ट्रेलिया (37 अंक), इंग्लैंड (29 अंक), दक्षिण अफ्रीका (25 अंक) और अब भारत (23 अंक) ने शीर्ष चार स्थान हासिल करने के कारण क्वालिफाई किया है. पाकिस्तान (19), न्यूजीलैंड (17), वेस्टइंडीज (13) और श्रीलंका (5) इस तालिका में शामिल अन्य टीमें हैं.’
कोविड-19 महामारी के कारण दो अन्य दौर के मैच रद्द करने पड़े. दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया, जबकि श्रीलंका को न्यूजीलैंड की मेजबानी करनी थी. इनके मामले में भी अंक बांट दिए जाएंगे. विश्व कप क्वालिफायर तीन से 19 जुलाई के बीच श्रीलंका में खेला जाना है, लेकिन अब यह कोरोना वायरस महामारी की स्थिति पर निर्भर है. क्वालिफायर में दस टीमें बाकी बचे तीन स्थानों के लिए आपस में भिड़ेंगी.
श्रीलंका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के अलावा इसमें वनडे का दर्जा पाने वाले बांग्लादेश और आयरलैंड तथा क्षेत्रीय क्वालिफायर के विजेता थाईलैंड (एशिया) जिम्बाब्वे (अफ्रीका), पापुआ न्यू गिनी (पूर्व एशिया पैसेफिक), अमेरिका (अमेरिकी क्षेत्र) और नीदरलैंड्स (यूरोप) भाग लेंगे.


