मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर टीकाकरण कार्य का लिया जायजा


मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर टीकाकरण कार्य का लिया जायजा


वैक्सीन ही कोरोना से लड़ाई और बचाव का एक मात्र उपाय : मंत्री श्री सिलावट
ग्राम आपदा प्रबंधन समिति के सदस्यों से चर्चा कर कोरोना स्थिति की समीक्षा की
 


भोपाल : शनिवार, मई 29, 2021, 18:56 IST

इंदौर जिले के प्रभारी तथा जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया और टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। मंत्री श्री सिलावट ने ग्राम कम्पेल स्थित वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को लेकर उचित दिशा निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामीणों से मिलकर बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन करवाने के लिए आग्रह कर कहा की कोरोना से लड़ाई और बचाव का एक मात्र हथियार वैक्सीन है। इसको लगाने के बाद ही हम परिवार और गांव के हर व्यक्ति को सुरक्षित कर सकते हैं।   

 मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीणों को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने एवं मास्क लगाने, बार-बार साबुन से हाथ धोने, सेनिटाइजर का उपयोग करने और वैक्सीनेशन करवाने के लिए कहा।  उन्होंने गाँव में गठित आपदा प्रबंधन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। गाँव में सभी सतर्कता रखें और कोई भी कोरोना का संदिग्ध मरीज़ मिलने पर उसे कोविड केयर सेंटर में भेजें। उन्होंने कहा कि इंदौर के खंडवा रोड में राधास्वामी सत्संग में बना कोविड केयर सेंटर सभी सुविधाओं से परिपूर्ण है। यहाँ चौबीसों घंटे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ की सुविधा उपलब्ध है। गाँव में अगर कोई मरीज़ पाया जाता है तो उसे इस सेंटर में पहुँचाया जा रहा है।

इस दौरान श्री सिलावट ने गाँव में स्वास्थ्य कर्मियों, आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य ऐसे कर्मचारी जो कोरोना की ड्यूटी में लगे हैं उनका हौसला बढ़ाते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह से कटिबद्ध होकर कार्य कर रहा है।


अरूण राठौर

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here