मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के हाटा चौकी अंतर्गत तिलया गांव से कथित लूट की एक बड़ी खबर सामने आई है। एक महिला ने 6 से 7 बदमाशों पर हथियारों के बल पर घर में घुसकर उसे बंधक बनाने, और लाखों रुपये की नकदी, जेवरात सहित मेडिकल स्टोर का सामान ले जाने का आरोप लगाया है, महिला ने करीब 40 लाख रुपये की लूट का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी लूट या चोरी की पुष्टि नहीं की है, और पूरे मामले की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि, तिलया गांव निवासी करीब 38 वर्षीय महिला बेबी साहू घर पर मौजूद थीं। महिला के मुताबिक, रात करीब 11 बजे दो लोग बाइक से दवाई लेने के बहाने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और महिला को कट्टा, रिवॉल्वर और तलवार दिखाकर बंधक बना लिया। महिला का आरोप है कि बदमाशों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, और करीब दो घंटे तक उसे घर के अंदर बंधक बनाकर रखा। इस दौरान घर में रखे गहने, नकदी और मेडिकल स्टोर से संबंधित सामान ले जाने की बात कही जा रही है।
महिला ने कथित तौर पर पूरी घटना में करीब 40 लाख रुपये के लूट की बात पुलिस को बताई है। घटना की जानकारी मिलते ही मऊगंज एसडीओपी सची पाठक, हनुमना थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा, और घटनास्थल का निरीक्षण किया, मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही महिला के बयान, और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल चोरी या लूट की पुष्टि नहीं हुई है, महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तिलया गांव में हुई कथित लूट को लेकर, पुलिस की जांच जारी है। अब जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, कि घटना की वास्तविकता क्या है और कितना नुकसान हुआ है।


