आज पूरे देश में लॉकडाउन-3 की शुरुआत हो गई है. प्रदेशों में कई सारी बंदिशों को खत्म कर दिया गया है. महाराष्ट्र सरकार ने प्रदेश के सभी जोन (रेड, ऑरेंज और ग्रीन) में शराब की दुकानों को खोलने का फैसला किया है. उद्धव सरकार के इस फैसले का विरोध हो रहा है. औरंगाबाद से सांसद इम्तियाज जलील ने विरोध का ऐलान किया है.
औरंगाबाद के एआईएमआईएम (AIMIM) सांसद इम्तियाज जलील ने कहा कि रेड जोन में भी शराब की दुकानें खोलने का फैसला सरकार ने लिया है. अगर औरंगाबाद में दुकानें खोली गई तो हम लॉकडाउन के प्रतिबंधों को तोड़, जबरन इन दुकानों को बंद कर देगें. यह शराब बेचने और माताओं-बहनों के लिए समस्याएं पैदा करने का समय नहीं है.
तीनों जोन में खुलेंगी शराब की दुकानें
महाराष्ट्र में रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में दुकानों को खोलने के निर्देश दिए गए हैं. कंटेनमेंट या हॉटस्पॉट जोन में दुकानें नहीं खुलेंगी. एमएमआर और पीएमआर क्षेत्रों में दुकानों कुछ शर्तों के साथ खोली जाएंगी. तीनों जोन में शराब की दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई है. शराब की दुकानें केवल कंटेनमेंट या हॉटस्पॉट एरिया में बंद रहेंगी.
महाराष्ट्र में 12 हजार से अधिक संक्रमित
महाराष्ट्र में कोरोना के 12296 से ज्यादा मरीज हो गए हैं. महाराष्ट्र में अबतक 521 लोग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं. मुंबई में ही 8351 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. मुंबई में कोरोना से 322 लोग दम तोड़ चुके हैं. मुंबई में किसी भी तरह से कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सके, इसलिए हर जतन किए जा रहे हैं.
मदद को आगे आएं राज ठाकरे
MMRDA ग्राउंड में बीएमसी अस्थायी अस्पताल बनवा रही है, ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्थिति नियंत्रण में रहे. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे भी स्वास्थ्यकर्मियों की मदद को आगे आए हैं. एमएनएस प्रोटीन युक्त खाने के पैकेट स्वास्थ्यकर्मियों को मुहैया करा रही है.

