टीवी अभिनेता सचिन कुमार की मौत और कुछ महीने पहले टीवी अभिनेता कुशल पंजाबी की आत्महत्या के बाद मुंबई की टीवी की दुनिया से एक और शॉकिंग खबर सामने आई है. कई सीरियल्स में पंजाबी और सिख किरदार निभाने वाले अभिनेता मनमीत ग्रेवाल ने आत्महत्या कर ली है. सब टीवी के सीरियल आदत से मजबूर में दिखने वाले अभिनेता ने डिप्रेशन और आर्थिक तंगी के चलते ये कदम उठाया है. मनमीत करीब 29 साल के थे और मुंबई के नवी मुंबई इलाके में रहते थे.
हाल ही में मनमीत एंड टीवी के सीरियल कुलदीपक में दिखे थे. काफी दिनों से सीरियल्स में रोल के लिए स्ट्रगल कर रहे थे. दिल्ली के रहने वाले मनमीत शादीशुदा थे और करीब आठ साल पहले मुंबई आए थे. मनमीत अपनी पत्नी के साथ एक छोटे फ्लैट में नवी मुंबई रहते थे. आर्थिक तंगी और लॉकडाउन में शूटिंग ठप होने की वजह से वो डिप्रेशन में थे. उन्होंने अपने काम और परिवार के लिए कुछ कर्ज लिया था और इतने दिनों काम ना हो पाने की वजह से वो काफी परेशानी में थे.
यह भी पढ़ें: अक्षय कुमार के रिश्तेदार एक्टर सचिन का निधन, 42 साल की उम्र में हार्ट अटैक से गई जान
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात उन्होंने गले में अपनी पत्नी के दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली. इसके बाद उनकी पत्नी ने आसपास के लोगों से मदद मांगी पर कोई कोरोना वायरस के डर के कारण मदद को नहीं आया. इसके बाद गार्ड ने आकर गले की रस्सी काटी और लाश को अस्पताल लेकर जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान के करीबी का निधन, एक्टर ने ट्वीट कर जाहिर किया दुख
वेब सीरीज से जगी थी उम्मीद
बता दें कि मनमीत अपने सिख किरदारों के लिए जाने जाते थे और सीरियल्स के अलावा कई ऐड फिल्म्स में काम किया था. हाल ही में उन्हें एक वेब सीरीज भी मिली थी, जिसको लेकर उन्हें उम्मीद जगी थी. हालांकि लॉकडाउन के चलते इसका काम भी अटक गया था. इससे पहले टीवी अभिनेता कुशल पंजाबी ने भी आत्महत्या की थी और उनकी मौत की वजह भी बेरोजगारी ही थी. वहीं प्रत्युषा बनर्जी, जिया खान, नफीसा जोसफ जैसे कई कलाकार आत्महत्या कर चुके हैं.