- नागफनी पुलिस स्टेशन के 73 पुलिसकर्मी क्वारनटीन
- 5 पत्थरबाजों की रिपोर्ट आई थी कोरोना पॉजिटिव
लॉकडाउन के दौरान जहां ज्यादातर लोग अपने घरों में हैं, वहीं पुलिसकर्मी दिन-रात अपने काम में जुटे हैं. इस दौरान उनमें से कई कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं और कुछ पर संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है. ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सामने आया है, जहां 73 पुलिसकर्मियों को क्वारनटीन किया गया है.
मुरादाबाद में नागफनी पुलिस स्टेशन थाने के लगभग 74 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग होटलों में क्वारनटीन कर दिया गया है. दरअसल, 15 अप्रैल को कोरोना पोजिटिव मृतक के परिजनों को क्वारनटीन करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग और पुलिसकर्मियों की टीम पर अचानक जानलेवा हमला हुआ था. छतों से पथराव किया गया था.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
इस हमले के 17 आरोपियों को पुलिस थाने लेकर आई थी, जिसमें कई महिलाएं भी शामिल थीं. कार्रवाई के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया. उनमें से 5 आरोपी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इसके बाद इनके संपर्क में आने वाले थाना प्रभारी समेत सभी 73 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग होटलों में क्वारनटीन कर दिया गया है.
मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने कहा कि सभी 73 पुलिस कर्मियों को अलग-अलग जगहों पर क्वारनटीन किया गया है. इसके साथ ही उनके नमूनों को टेस्ट के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि हमारे पास नागफनी पुलिस स्टेशन में स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त कर्मचारी हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
कई पुलिसकर्मी गंवा चुके हैं जान
लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने में कई पुलिस वाले इस महामारी का शिकार हो चुके हैं. उज्जैन के थाना प्रभारी यशवंत पाल कोरोना से जंग हार गए. इंदौर के पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी की कोरोना के चलते जान चली गई, तो पंजाब पुलिस के एसीपी अनिल कोहली ने भी कोरोना से लड़ते हुए दम तोड़ दिया.
दिल्ली की बात करें तो करीब 20 पुलिस वाले इस महामारी से संक्रमित हैं. चांदनी महल थाने से लेकर जहांगीरपुरी तक कोरोना संक्रमण ने पुलिस वालों को अपनी चपेट में ले लिया है. पुलिस वालों पर कोरोना संक्रमण की सबसे बड़ी मार इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में पड़ी है. महाराष्ट्र में अब तक 64 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं.


