- रायबरेली में कोरोना संक्रमण ने बढ़ाई चिंता
- क्वारनटीन सेंटर की बदहाली से नाराज कमिश्नर
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने की ड्यूटी में कोताही कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को कमिश्नर मुकेश मेश्राम ने फटकार लगाई है और कहा है कि वे सुधर जाएं अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करने को तैयार रहें.
बता दें कि रायबरेली कोरोना संक्रमण के मामले में उत्तर प्रदेश के टॉप टेन जिलों में शामिल हो गया है. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सरकार की परेशानी बढ़ा दी है. कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए राज्य प्रशासन ने लखनऊ के कमिश्नर मुकेश मेश्राम और आईजी एस के भगत की रायबरेली में विशेष ड्यूटी लगाई है.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
क्वारनटीन सेंटर की बदहाली देख भड़के कमिश्नर
बीते कई दिनों से रायबरेली में अपना डेरा जमाए कमिश्नर मुकेश मेश्राम बुधवार को क्वारनटीन सेंटर की व्यवस्था देखने के लिए नसीराबाद नगर पंचायत पहुंचे. यहां की कुव्यवस्था देखकर कमिश्नर बेहद नाराज हुए. उन्होंने नगर पंचायत नसीराबाद के अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक काम करने को कहा और क्वारनटीन सेंटर की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें
रायबरेली में ड्यूटी, लखनऊ से आना-जाना
कई दिनों से जिले की व्यवस्था को देख रहे मुकेश मेश्राम एक तथ्य समझ गए हैं कि रायबरेली में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देख रहे अधिकारी मुख्यालय पर नहीं रुकते हैं और पूरी निष्ठा के साथ काम भी नहीं करते हैं. बता दें कि लॉकडाउन के बावजूद रायबरेली में काम करने वाले कई अधिकारी और स्टाफ लखनऊ से यहां ड्यूटी करने आते हैं. ऐसे स्टाफ काम में कम समय दे पाते हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
11 बजे आकर 3 बजे जाने वाले सावधान
ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को कमिश्नर ने कड़ी हिदायत देते हुए साफ-साफ शब्दों में कहा कि वे सुधर जाएं और लखनऊ से दफ्तर आना-जाना बंद करें. कमिश्नर मुकेश मेश्राम ने कहा कि उन्होंने कई अधिकारियों, कर्मचारियों को 11 बजे काम पर आते और 3 बजे वापस जाते हुए देखा है और वे ऐसे एक-एक स्टाफ से वाकिफ हैं. उन्होंने ऐसे स्टाफ के खिलाफ एक्शन की चेतावनी दी है.