- कोरोना संक्रमित मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुई थी बहू
- पूरे परिवार का हुआ कोरोना टेस्ट, बहू निकली पॉजिटिव
देश के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक राष्ट्रपति भवन पर भी कोरोना का खतरा मंडरा रहा है. दरअसल, राष्ट्रपति भवन में काम करने वाले एक सफाईकर्मी की बहू कोरोना पॉजिटिव मिली है. वह अपने परिवार के साथ राष्ट्रपति भवन के कैंपस में ही रहती है. इस खुलासे के बाद कैंपस में रहने वाले 125 परिवारों को होम क्वारनटीन किया गया है.
बताया जा रहा है कि बीते दिनों सफाईकर्मी की बहू की मां का कोरोना के कारण निधन हुआ था. गांव में हुए उसके अंतिम संस्कार में सफाईकर्मी का पूरा परिवार शामिल हुआ था. इसके बाद पूरे परिवार को आइसोलेशन में भेजा गया था और उनका कोरोना टेस्ट किया गया था. सभी का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया, लेकिन बहू का रिजल्ट पॉजिटिव आ गया है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कैंपस में रहने वाले 125 परिवारों को क्वारनटीन किया गया है. इसमें 25 परिवार तो उसी ब्लॉक के हैं, जहां यह परिवार रहता है. इन 25 परिवारों को घर से निकलने पर मनाही है और इनका खाना राष्ट्रपति भवन की तरफ से आ रहा है.
कोरोना पर भ्रम फैलाने से बचें, आजतक डॉट इन का स्पेशल WhatsApp बुलेटिन शेयर करें
इसके अलावा बाकी परिवारों को ग्रोसरी स्टोर जाने की इजाजत है, लेकिन आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई है. इसके साथ ही सफाईकर्मी के परिवार के संपर्क में पहले परिवार का भी कोरोना टेस्ट किया गया है, जो कि निगेटिव आया है. फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता है, इसलिए सबको क्वारनटीन किया गया है.
इस बीच देश में कोरोना की महामारी से अब तक कुल 559 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं कुल मरीजों की संख्या 17 हजार 656 हो चुकी है. संक्रमण की आशंका को देखते ही सभी केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और दफ्तरों की कैंटीन को तत्काल बंद कर दिया गया है.

