- आगरा में सोमवार को 16 नए केस सामने आए
- लखनऊ में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 237
कई दिनों बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए राहत भरी खबर आई. खबर ये है कि सोमवार को लखनऊ में कोरोना का कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला. जिस वक्त पूरा देश कोरोना महामारी से त्रस्त है और अलग-अलग राज्यों से मरीजों और मृतकों की खबरें आ रही हैं, ऐसे में लखनऊ में कोरोना का कोई केस नहीं मिलना वाकई राहत भरी खबर है.
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में कोरोना का ‘हॉटबेड’ बना आगरा सोमवार को भी इसमें अव्वल रहा. यहां कोरोना के मरीजों के ग्राफ में लगातार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है. सोमवार सुबह 16 नए मामले आने पर यहां मरीजों का आंकड़ा 612 पर पहुंच गया जबकि शाम होते-होते इसमें 09 मरीजों का और इजाफा हो गया और कुल तादाद 621 पर पहुंच गई.
बता दें, यहां अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 208 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं. यहां के 41 हॉटस्पॉट पूरी तरह सील हैं जहां लोगों की गतिविधियों पर पूर्ण पाबंदी है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
लखनऊ की बात की जाए तो सोमवार को यहां कोई नया मामला सामने नहीं आया. अब तक लखनऊ में 237 मरीज हैं जबकि 82 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वे ठीक होकर घर जा चुके हैं. 154 लोग ऐसे हैं जिनका अस्पतालों में कोरोना का इलाज चल रहा है. लखनऊ में कुल 13 कंटेनमेंट जोन हैं जहां लोगों के लिए कई प्रकार की पाबंदियां लगी हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
पूरे उत्तर प्रदेश में कोरोना से अब तक 50 लोगों की मौत हुई है. इनमें आगरा का स्थान अव्वल है जहां 14 लोगों की मौत हुई है. दूसरे स्थान पर मेरठ और मुरादाबाद है जहां अब तक 7-7 लोगों की मौत हुई है. 5 मौतों के साथ कानपुर तीसरे स्थान पर है.
उत्तर प्रदेश में अब तक 802 लोग कोरोना की बीमारी से ठीक हुए हैं जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. जिलावार आंकड़ा देखें तो आगरा में सबसे ज्यादा 628 मरीज मिले हैं. उसके बाद कानपुर में 266, लखनऊ में 226, सहारनपुर में 205 और नोएडा में 180 कोरोना संक्रमित मरीज हैं. पूरे प्रदेश में अब तक कोरोना के 1914 एक्टिव केस हैं. इसकी जानकारी यूपी सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने दी है.

