छतरपुर। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर छतरपुर नगर पालिका परिषद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया, कलेक्टर मृणाल मीणा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडिशनल एसपी आदित्य पटले और नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों एवं जिले के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्यमंत्री ने छतरपुर जिले में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में रिंग रोड, हाईवे सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। वहीं, जिले में मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू होने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, विकास और भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।


