लवकुशनगर में यात्री बस की छत से 500 किलो पटाखे जब्त, कीमत 1.57 लाख रुपये; कंडक्टर पर कार्रवाई

छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने यात्री बस की छत पर अवैध रूप से ले जाए जा रहे करीब 500 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 1 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नमन बस कंपनी की यात्री बस लवकुशनगर से सतना जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बस की छत पर सात बोरियों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बस की जांच की, जिसमें पटाखे बरामद हुए। एसपी ने बताया कि बस के कंडक्टर ने अधिक भाड़े के लालच में बालकिशन गुप्ता नामक व्यक्ति से पटाखे लिए थे। पुलिस ने करीब 500 किलोग्राम पटाखे जब्त कर मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दिवाली के त्योहार को देखते हुए पुलिस द्वारा नौगांव और लवकुशनगर क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों के परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने बस संचालकों और पटाखा व्यापारियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि अवैध और खतरनाक तरीके से पटाखों का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here